मासिक खाद्यान्न सहायता वितरण
सेवा प्रकल्पों से जुड़े जरूरतमंद परिवारों के लिए मासिक खाद्यान्न सहायता वितरण।
शास्त्रीनगर जी सेक्टर स्थित ईशकृपा धाम में ज्ञानयोगी श्री नन्दकिशोर शारदा अध्यात्म केंद्र एवं स्वामी विवेकानन्द स्टूडेंट्स वेलफेयर चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार, 19 सितम्बर 2026 को 270 जरूरतमंद परिवारों को खाद्य सामग्री (राशन किट) वितरित की गई।
ट्रस्ट अध्यक्ष मधु आडवानी ने कहा कि जरूरतमंद परिवार खाद्य सामग्री को माँ अन्नपूर्णा का प्रसाद मानकर ग्रहण करते हैं और सकारात्मक विचारधारा के साथ जीवन में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने युगप्रवर्तक नंदकिशोर शारदा द्वारा प्रदत्त बुद्धि-विवेक योग साधना पद्धति और उसके नौ चरणों — ज्ञान, विज्ञान, चिंतन, संकल्प, समर्पण, कर्म साधना, प्रेम, शांति और आनंद — का उल्लेख किया।
विशिष्ट अतिथि समाजसेविका सुशीला बोहरा और प्रो. वी.के. भंसाली ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में मणिद्वीप से सहयोग पाने वाली बालिकाओं — चेतना सोनी, दक्षिता आचार्य, साक्षी, डिम्पल, दीपिका कंवर और पिंकी — ने अपने अनुभव साझा किए। खाद्य सामग्री का वितरण समाजसेवी सत्यनारायण अग्रवाल, राजीव पुरोहित, कांता काबरा सहित अनेक सदस्यों ने किया।
मंच संचालक नवलकिशोर शारदा ने बताया कि मणिद्वीप में जगत्जननी माँ त्रिपुरसुंदरी की आज्ञा से पिछले 30 वर्षों से जरूरतमंद विद्यार्थियों और परिवारों को छात्रवृत्ति, सिलाई मशीन, खाद्य सामग्री, स्कूल बैग एवं फर्नीचर सहित विभिन्न प्रकार की सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, और ट्रस्ट में कोई प्रशासनिक खर्च नहीं रखा गया है।